फिरोजाबाद में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
हिस्सा बांट को लेकर चल रहा था विवाद, चार बच्चों की मां की मौत से गांव में सनसनी
फिरोजाबाद में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

हिस्सा बांट को लेकर चल रहा था विवाद, चार बच्चों की मां की मौत से गांव में सनसनी
खबर
फिरोजाबाद जनपद के थाना एका क्षेत्र के गांव गेहरई में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 36 वर्षीय ममता देवी पत्नी शिवकुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या बताया है। मृतका के भाई के अनुसार उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि ममता देवी ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो घर पर कोई मौजूद नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का कहना है कि पिछले दो से तीन दिनों से घर में हिस्सा बांट को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे लेकर तनाव बना हुआ था। इसी विवाद के चलते घटना होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ममता देवी अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।




