शनि अमावस्या पर दौलतपुर बनेगा आस्था का केंद्र, 16 मई को होगा भगवान शनिदेव का भव्य जन्मोत्सव
फूल बंगला, भजन संध्या और विशाल भंडारे के साथ मनाया जाएगा महोत्सव

शनि अमावस्या पर दौलतपुर बनेगा आस्था का केंद्र, 16 मई को होगा भगवान शनिदेव का भव्य जन्मोत्सव

फूल बंगला, भजन संध्या और विशाल भंडारे के साथ मनाया जाएगा महोत्सव
फिरोजाबाद। जनपद के जलेसर रोड स्थित ग्राम दौलतपुर के श्री शनिदेव मंदिर में 16 मई 2026 को भगवान श्री शनिदेव का भव्य जन्मोत्सव एवं शनि अमावस्या महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
आयोजकों के अनुसार शनि अमावस्या का पर्व सनातन धर्म में विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और सजावट से भव्य रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान भगवान शनिदेव का विशेष श्रृंगार एवं भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहेंगे।
आयोजन के तहत दोपहर से विशाल प्रसादी भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से प्रभु इच्छा तक जारी रहेगा।
इस भव्य आयोजन का संचालन शनिधाम देवस्थान विकास ट्रस्ट परिवार द्वारा किया जा रहा है। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय जनता एवं दूरदराज के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
प्रेस वार्ता के दौरान मंदिर महंत पीठाधीश्वर रुद्राभिषेक शास्त्री, दादा गुरु दिनेश मुदगल, पंकज दत्त बंसल, मोहित दत्त बंसल, ईशान दत्त बंसल, अंकुश बंसल, कौशल मित्तल, विशाल कश्यप, बीएस भदौरिया सहित अन्य सेवकगण मौजूद रहे।




