देशहित में सर्राफा व्यापारियों का बड़ा फैसला, सोने-चांदी के बुलियन कारोबार को हतोत्साहित करने पर बनी सहमति
डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में हुई महत्वपूर्ण बैठक, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के लिए व्यापारियों ने दिया सहयोग का भरोसा

देशहित में सर्राफा व्यापारियों का बड़ा फैसला, सोने-चांदी के बुलियन कारोबार को हतोत्साहित करने पर बनी सहमति
डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में हुई महत्वपूर्ण बैठक, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के लिए व्यापारियों ने दिया सहयोग का भरोसा
फिरोजाबाद। देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सर्राफा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे भी मौजूद रहे।
बैठक में उपायुक्त राज्य कर ब्रजेश शेखर चौरसिया, असित कुमार समेत प्रशासन और कर विभाग के कई अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सोने के अत्यधिक आयात से उत्पन्न आर्थिक दबाव को कम करने के लिए व्यापारियों को जागरूक करना रहा।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों को वैश्विक परिस्थितियों और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध और अन्य कारणों से हालात संवेदनशील बने हुए हैं, ऐसे में सोने की अनावश्यक खरीदारी और खपत को कम करना राष्ट्रहित में जरूरी है।
प्रशासन की अपील पर सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन और स्थानीय व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए सोने और चांदी के बुलियन यानी ईंट और बिस्कुट की खरीद-बिक्री को स्वेच्छा से हतोत्साहित करने पर सहमति जताई। व्यापारियों ने भरोसा दिलाया कि वह देशहित में सरकार के हर कदम का समर्थन करेंगे।
व्यापारियों ने बैठक में बताया कि फिरोजाबाद के स्थानीय बाजार में अधिकतर ग्राहक पुरानी ज्वेलरी देकर नई ज्वेलरी खरीदते हैं और यहां बुलियन कारोबार सीमित स्तर पर ही होता है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपदवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि जब तक अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जातीं, तब तक लोग सोने की नई खरीदारी कम करें और आवश्यकता पड़ने पर पुरानी ज्वेलरी को रीसायकल या रोटेशन में लाने का प्रयास करें, ताकि नए आयात की मांग को नियंत्रित किया जा सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा और स्थानीय समस्याओं को भी सुना तथा उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में राजकुमार वर्मा, रामनरेश काका, संजय वर्मा, गोविंद चौहान, कुंवर पाल सिंह, मदनलाल वर्मा, आशीष तोमर, विनय कुमार गोयल और पुष्पेंद्र चौधरी सहित सर्राफा एसोसिएशन के कई पदाधिकारी और प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।




