बिजली विभाग की लापरवाही से भाजपा बूथ अध्यक्ष की करंट लगने से मौत

बिजली विभाग की लापरवाही से भाजपा बूथ अध्यक्ष की करंट लगने से मौत
फिरोजाबाद के नगला सिंघी क्षेत्र के गांव रामपुर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से भाजपा के रामपुर बूथ अध्यक्ष अंशु उपाध्याय की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर घण्टो प्रदर्शन किया और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, पांच दिन पूर्व आई तेज आंधी में गांव में लगा बिजली का खंभा बीच से टूट गया था और एक मकान के सहारे टिका हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को अंशु उपाध्याय टूटे खंभे से जुड़े तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम टूंडला अनुराधा सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम ने बिजली विभाग के एसडीओ योगेंद्र शर्मा और जेई राजेंद्र सिंह के खिलाफ निलंबन की संस्तुति तथा एफआईआर दर्ज कराने का आश्वासन दिया। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।




