
मैनपुरी में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, ईशान नदी चौराहे से हटाए गए ठेले
पुलिस प्रशासन की सख्ती, दोबारा अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी — जाम से राहत की उम्मीद

मैनपुरी।
जनपद मैनपुरी में बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह एवं यातायात सीओ दीपशिखा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
यह अभियान शहर के व्यस्त ईशान नदी चौराहे पर संचालित किया गया, जहां लंबे समय से ठेले और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती रहती थी।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क किनारे खड़े ठेलों को हटवाया और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही चार पहिया ठेला संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहन सड़क से नीचे खड़े करें, जिससे यातायात सुचारू बना रहे और आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बाइट:
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह — “शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया गया है। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।”
रिपोर्ट:
मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ, मैनपुरी




