नगर निगम की अनदेखी के खिलाफ वार्ड-47 के पार्षद का धरना, कल से आमरण अनशन की चेतावनी
चार वर्षों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर पार्षद नुरुल हुदा उर्फ लाला ने खोला मोर्चा, अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप
नगर निगम की अनदेखी के खिलाफ वार्ड-47 के पार्षद का धरना, कल से आमरण अनशन की चेतावनी

चार वर्षों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर पार्षद नुरुल हुदा उर्फ लाला ने खोला मोर्चा, अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप

फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-47 के पार्षद नुरुल हुदा उर्फ लाला ने वार्ड में पिछले चार वर्षों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों और बंद एलईडी लाइटों को लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ धरना दिया। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों ने समस्या का समाधान नहीं कराया, जिससे वार्डवासियों को रात के समय अंधेरे में आवागमन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

पार्षद ने बताया कि प्रकाशनाथ क्षेत्र से टूटी पुलिया तक लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। पिछले दो-तीन महीनों से वह लगातार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला और जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी के विरोध में सोमवार को पार्षद नुरुल हुदा उर्फ लाला नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द ही वार्ड की स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने का कार्य शुरू नहीं किया, तो वह मंगलवार सुबह 11 बजे से नगर निगम परिसर में आमरण अनशन शुरू करेंगे।

पार्षद ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि वार्ड की जनता की मूलभूत सुविधाओं को बहाल कराने के लिए है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराकर वार्डवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।




