तीन वर्षीय मासूम के साथ शर्मनाक वारदात, परिजनों ने पड़ोसी पर दुष्कर्म का आरोप; मेडिकल के लिए भेजी गई बच्ची
तीन वर्षीय मासूम के साथ शर्मनाक वारदात, परिजनों ने पड़ोसी पर दुष्कर्म का आरोप; मेडिकल के लिए भेजी गई बच्ची

फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र के गांव नयावास में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म/छेड़छाड़ का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले 30 वर्ष से अधिक उम्र के एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, बच्ची अपने पिता के साथ खेत की ओर गई थी, जबकि उसकी मां घर पर खाना बना रही थीं। कुछ देर बाद बच्ची घर लौटी और प्राइवेट पार्ट में दर्द होने की शिकायत की। परिजनों ने देखा कि बच्ची के कपड़ों पर खून लगा हुआ था। पूछने पर बच्ची ने इशारों में बताया कि पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति उसे खेत की ओर ले गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। वहीं पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
थाना नारखी के थानाध्यक्ष राकेश कुमार गिरी ने बताया कि परिजनों की ओर से छेड़छाड़ की तहरीर दी जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित धाराएं बढ़ाई जाएंगी और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




