फिरोजाबाद: युवाओं को मिलेगा नई पहचान का मंच, ‘माई भारत पोर्टल’ पर अधिकतम पंजीकरण का डीएम ने दिया लक्ष्य
पहली जिला सलाहकार समिति की बैठक में सभी शिक्षण संस्थानों को छात्रों का पंजीकरण कराने के निर्देश, कौशल विकास और सामाजिक भागीदारी पर जोर

फिरोजाबाद: युवाओं को मिलेगा नई पहचान का मंच, ‘माई भारत पोर्टल’ पर अधिकतम पंजीकरण का डीएम ने दिया लक्ष्य
पहली जिला सलाहकार समिति की बैठक में सभी शिक्षण संस्थानों को छात्रों का पंजीकरण कराने के निर्देश, कौशल विकास और सामाजिक भागीदारी पर जोर
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माय भारत जिला सलाहकार समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के युवाओं की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना तथा उनकी रुचि के अनुरूप कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी सरकारी एवं निजी इंटर कॉलेज, उच्च शिक्षण संस्थान तथा मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का ‘माई भारत पोर्टल’ पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराया जाए।
डीएम ने कहा कि लक्ष्य फिरोजाबाद को देश के उन अग्रणी जिलों में शामिल करना है, जहां सबसे अधिक युवा इस पोर्टल से जुड़े हों। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत युवाओं को सामाजिक गतिविधियों, कौशल विकास कार्यक्रमों, खेलकूद, सांस्कृतिक आयोजनों तथा विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में ‘माई भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे उनकी प्रतिभा को नया मंच मिलेगा और वे सामाजिक, आर्थिक तथा राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे। साथ ही जनपद में युवाओं को प्रेरित करने के लिए कौशल विकास एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन तथा निजी संस्थानों के विद्यार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली कुंजी है। यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा और अवसर मिले तो समाज और राष्ट्र की दिशा बदल सकती है।”
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में यूथ क्लब डेवलपमेंट कैंपेन चलाया जा रहा है, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और सपनों को साकार करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में जिला युवा अधिकारी राम गोपाल सिंह चौहान, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




