
हनुमान जयंती पर भूड़ा वाले बाला जी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
फ़िरोज़ाबाद (शिकोहाबाद):
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर शिकोहाबाद नगर क्षेत्र के नेशनल हाईवे किनारे स्थित गांव आरोंज के मजरा भूड़ा में बने प्रसिद्ध सिद्धपीठ भूड़ा वाले बाला जी हनुमान मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में भारी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु जुटे और भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी के प्रकटोत्सव को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
मंदिर में विशेष रूप से हवन-पूजन, छप्पन भोग और भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। भक्तों ने जयकारों के साथ हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया, वहीं प्रसाद वितरण और केक काटकर भी उत्सव को खास बनाया गया। जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस सिद्धपीठ मंदिर की मान्यता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की भूत-प्रेत बाधा, हवा-चक्कर जैसी समस्याएं दूर हो जाती हैं। इसी आस्था के चलते आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन करने पहुंचते हैं।
मंदिर परिसर में प्रेतराज, भैरव मंदिर, देवी मंदिर, राम दरबार, गोरखनाथ मंदिर और जाहरवीर मंदिर भी स्थापित हैं, जो इस स्थल को और अधिक धार्मिक महत्व प्रदान करते हैं।
हनुमान जयंती के अवसर पर पूरे दिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम भक्त हनुमान के जन्मोत्सव को पूरे उत्साह के साथ मनाया। बताया जाता है कि यहां प्रत्येक मंगलवार को सुबह से शाम तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं।




