फिरोजाबाद में शिक्षकों को मिला कैशलेस चिकित्सा का तोहफा, 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, 11,700 बेसिक व 1,200 माध्यमिक शिक्षकों को मिले कैशलेस कार्ड, छात्रों के खातों में डीबीटी से ₹1200 भी भेजे गए

फिरोजाबाद में शिक्षकों को मिला कैशलेस चिकित्सा का तोहफा, 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, 11,700 बेसिक व 1,200 माध्यमिक शिक्षकों को मिले कैशलेस कार्ड, छात्रों के खातों में डीबीटी से ₹1200 भी भेजे गए
फिरोजाबाद, 08 जुलाई।
फिरोजाबाद के श्री रामचंद्र पालीवाल ऑडिटोरियम में शिक्षा विभाग द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा शिक्षक योजना के अंतर्गत शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। योजना के तहत शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज मिलेगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा, जिससे गंभीर बीमारी के समय आर्थिक बोझ कम होगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रति छात्र 1,200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। यह राशि विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी जैसी आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए दी गई है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि प्रदेश के 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ महत्वपूर्ण एमओयू किया गया है।
जनपद फिरोजाबाद में इस अवसर पर 11,700 बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों तथा 1,200 माध्यमिक शिक्षकों को कैशलेस कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई। मंच से रोहित कुमार, दीप सिंह गौर, संजय जैन, धर्मेंद्र कुमार, सुनील कुमार, दिनेश कुमार, विपिन कुमार शर्मा, मोहित चतुर्वेदी, शुजा अंसारी और नरेंद्र सिंह शर्मा सहित कई शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कैशलेस कार्ड वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनीष असीजा ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं और उनके कल्याण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा एवं बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कामिनी राठौर ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने सभी शिक्षकों से कैशलेस चिकित्सा योजना में पंजीकरण कर इसका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन शिवकांत पलिया ने किया। इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव, अपर जिलाधिकारी मोहन लाल गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल परिहार, खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र, ओम प्रकाश अकेला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




