जवान और किसान की समस्याओं पर संयुक्त बैठक में मंथन, मांगपत्र सौंपने का निर्णय
फिरोजाबाद में सैनिक समाज सेवा संगठन और किसान यूनियन की बैठक, संयुक्त आंदोलन की चेतावनी फिरोजाबाद 17 अप्रैल 2026

जवान और किसान की समस्याओं पर संयुक्त बैठक में मंथन, मांगपत्र सौंपने का निर्णय
फिरोजाबाद में सैनिक समाज सेवा संगठन और किसान यूनियन की बैठक, संयुक्त आंदोलन की चेतावनी
फिरोजाबाद 17 अप्रैल 2026
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित एनएस गार्डन रेलवे स्टेशन रोड पर सैनिक समाज सेवा संगठन फिरोजाबाद और भारतीय किसान यूनियन किरण की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जवान और किसान से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता सैनिक समाज सेवा संगठन के आगरा मंडल अध्यक्ष रविन्द्र कुमार यादव ने की। इस दौरान किसान यूनियन किरण के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक यादव सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पेंशन संबंधी विसंगतियां, वन रैंक वन पेंशन के पूर्ण क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतें, ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक में दवाओं की कमी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपलब्धता, सीएसडी कैंटीन में सामान की सीमा और स्टॉक की समस्या पर चर्चा हुई। इसके अलावा पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और रोजगार के सीमित अवसर तथा शहीद परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं में देरी पर भी चिंता व्यक्त की गई।
किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग उठाई गई। खाद बीज और कीटनाशकों के बढ़ते दाम, सिंचाई के लिए बिजली की अनियमित आपूर्ति, नहरों में पानी की कमी और आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान को प्रमुख मुद्दा बताया गया। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलने पर भी चिंता जताई गई।
बैठक में जवान और किसान के परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू करने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर सहमति बनी। साथ ही प्रदेश स्तर पर समन्वय समिति बनाने और शासन प्रशासन को संयुक्त ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया।
रविन्द्र कुमार यादव ने कहा कि जवान और किसान देश की दो मजबूत भुजाएं हैं लेकिन आज दोनों ही अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जब तक इनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा तब तक विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा।
जिला अध्यक्ष कमलेश कुमार यादव ने कहा कि सैनिक का देश सेवा से रिश्ता रिटायर होने के बाद भी खत्म नहीं होता। आज जवान और किसान दोनों परेशान हैं इसलिए दोनों को मिलकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा।
विवेक यादव ने कहा कि जय जवान जय किसान केवल नारा बनकर रह गया है जबकि जमीनी स्तर पर दोनों वर्ग संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो संयुक्त आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जवान और किसान की समस्याओं को लेकर संयुक्त मांगपत्र तैयार कर जिला प्रशासन और शासन को सौंपा जाएगा तथा गांव गांव जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में किसान यूनियन किरण के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक यादव, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव इंजीनियर सोनेंद्र यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव, जिला अध्यक्ष राजू यादव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सैनिक समाज सेवा संगठन की ओर से आगरा मंडल अध्यक्ष रविन्द्र कुमार यादव, जिला अध्यक्ष कमलेश कुमार यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दलबीर सिंह, प्रमुख महासचिव प्रयाग चंद्र यादव, कोषाध्यक्ष के के शर्मा, उपाध्यक्ष धर्म सिंह यादव, शिकोहाबाद तहसील उपाध्यक्ष एस आई बिरेंद्र सिंह, नगर अध्यक्ष राजबीर सिंह, सिरसागंज तहसील अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह परिहार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




