समाजसेवी पर हमले और जान से मारने की धमकी के मामले में कार्रवाई न होने पर थाने में धरना
परिवार के साथ थाना उत्तर परिसर में बैठे डॉ. राधेश्याम कुशवाहा, अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

समाजसेवी पर हमले और जान से मारने की धमकी के मामले में कार्रवाई न होने पर थाने में धरना
परिवार के साथ थाना उत्तर परिसर में बैठे डॉ. राधेश्याम कुशवाहा, अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना
फिरोजाबाद। समाजसेवी डॉ. राधेश्याम कुशवाहा पर हुए कथित हमले और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से नाराज होकर उन्होंने शनिवार को अपने परिवार के साथ थाना उत्तर परिसर में धरना दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे डॉ. राधेश्याम कुशवाहा अपने परिवार के सदस्यों के साथ थाना उत्तर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि उनके साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी की घटना होने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।
धरने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
करीब एक घंटे तक चले धरने के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर डॉ. राधेश्याम कुशवाहा और उनके परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




