चंद्रसेन किला और चंद्रवार जैन मंदिर को मिलेगी नई पहचान, डीएम ने संरक्षण और विकास का लिया संकल्प
जैन मंदिर में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और धरोहरों के सौंदर्यीकरण पर रहेगा विशेष फोकस

चंद्रसेन किला और चंद्रवार जैन मंदिर को मिलेगी नई पहचान, डीएम ने संरक्षण और विकास का लिया संकल्प
जैन मंदिर में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और धरोहरों के सौंदर्यीकरण पर रहेगा विशेष फोकस
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ जनपद के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का निरीक्षण कर उनके संरक्षण और विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चंद्रसेन का किला और चंद्रवार का जैन मंदिर जनपद की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें सुरक्षित और संरक्षित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि चंद्रवार क्षेत्र भारत के गौरवशाली इतिहास का एक जीवंत अध्याय रहा है। ऐसे में इन ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत और इतिहास से परिचित हो सकें।
उन्होंने बताया कि चंद्रवार के जैन मंदिर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जहां क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा तथा धरोहरों के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए उनका सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
डीएम ने कहा कि इन ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने और उनकी गरिमा को अक्षुण्य बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों से भी अपील की कि वे इन धरोहरों की स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




