मैनपुरी में संदिग्ध मौत पर उठे सवाल पुलिस पर लापरवाही और मामले को दबाने के आरोप
पत्नी कोमल देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिया शिकायत पत्र निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मैनपुरी में संदिग्ध मौत पर उठे सवाल पुलिस पर लापरवाही और मामले को दबाने के आरोप

पत्नी कोमल देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिया शिकायत पत्र निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
मैनपुरी से रिपोर्ट
मैनपुरी जनपद के थाना औंछा क्षेत्र के नगला कंचन गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पत्नी कोमल देवी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार उनके पति गौरव कुमार पेट्रोल पंप पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 5:30 बजे गोली लगने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर आरोप है कि उसने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
परिजनों का कहना है कि पुलिस ने पहले शव को उठाने से रोका और बाद में मामले को आत्महत्या बताने की कोशिश की। इतना ही नहीं, एफआईआर दर्ज करने में भी कई दिनों तक टालमटोल की गई।
कोमल देवी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पुलिस ने मौके पर ही आत्महत्या की बात फैलाई, गवाहों को वहां से हटा दिया और असली आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही मोबाइल से जुड़ी जानकारी को लेकर भी पुलिस के बयान बदलते रहे, जिससे मामले पर संदेह और गहरा गया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का और क्या पुलिस सच को छिपाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
रिपोर्ट मोहित गुप्ता संपादक जनपद मैनपुरी




