हिमायूँपुर में भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
गोवर्धन पूजा और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का हुआ भावपूर्ण वर्णन, भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु

हिमायूँपुर में भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
गोवर्धन पूजा और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का हुआ भावपूर्ण वर्णन, भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु
फिरोजाबाद। शहर के हिमायूँपुर क्षेत्र में चल रही श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान यज्ञ के पंचम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के दौरान गोवर्धन पूजा एवं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
सी.एल. जैन कॉलेज वाली सड़क स्थित प्राइमरी स्कूल के पीछे आयोजित कथा में कथा व्यास साध्वी जागृति एवं किशोरी माधव प्रिया ने अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को कथा रसपान कराया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया गया, जिस पर श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते दिखाई दिए।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान यज्ञ का आयोजन 18 मई से 24 मई 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम की पूर्णाहुति 25 मई को प्रातः 7 बजे से होगी तथा शाम 4 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में यज्ञपति के रूप में श्री लज्जाराम यादव एवं श्रीमती प्रभा देवी तथा परीक्षित के रूप में श्री दयाराम यादव एवं श्रीमती राजन श्री देवी प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
इस दौरान लज्जाराम यादव, दयाराम यादव, मुकेश, राहुल यादव, राहुल, अचल सिंह राठौर, नरेश भाई, सोनू, मोनू, आदेश, लाला सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।




