फिरोजाबाद: गली निर्माण की मांग को लेकर वार्ड-29 के लोगों का प्रदर्शन, नगर निगम ने जल्द काम शुरू कराने का दिया भरोसा
निर्माण में देरी से नाराज लोगों ने किया विरोध, अधिशासी अभियंता बोले— टेंडर अंतिम चरण में, अनुमति मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य

फिरोजाबाद: गली निर्माण की मांग को लेकर वार्ड-29 के लोगों का प्रदर्शन, नगर निगम ने जल्द काम शुरू कराने का दिया भरोसा
निर्माण में देरी से नाराज लोगों ने किया विरोध, अधिशासी अभियंता बोले— टेंडर अंतिम चरण में, अनुमति मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य
फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-29 में गली निर्माण कार्य में हो रही देरी से नाराज स्थानीय लोगों ने गुरुवार को प्रदर्शन कर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द गली निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई और कहा कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर नगर निगम के अधिशासी अभियंता विजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होते ही गली निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
अधिशासी अभियंता विजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि वार्ड संख्या-29 की गलियों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले संबंधित क्षेत्र में लगभग छह फीट गहरी नींव भरने का कार्य किया जाना है। उन्होंने बताया कि टेंडर स्वीकृति के बाद नींव भरने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन फिलहाल मिट्टी उपलब्ध कराने की अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही संबंधित अनुमति प्राप्त होगी, गली निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सकेगी.




