फिरोजाबाद: एसएसपी आदित्य लांग्हे ने उद्योगपतियों के साथ की बैठक, समस्याओं के समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
औद्योगिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का दिया भरोसा

फिरोजाबाद: एसएसपी आदित्य लांग्हे ने उद्योगपतियों के साथ की बैठक, समस्याओं के समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
औद्योगिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का दिया भरोसा
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जिले के उद्योगपतियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना तथा उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान एसएसपी ने उद्योगपतियों से उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, साइबर अपराध, श्रमिकों की सुरक्षा तथा पुलिस प्रशासन से जुड़े अन्य विषयों पर जानकारी ली। उद्योगपतियों द्वारा रखे गए सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसएसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि जनपद में उद्योगों का सुरक्षित और सुचारु संचालन पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा उद्योगपतियों की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
उन्होंने उद्योगपतियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या साइबर अपराध से जुड़ी जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मौजूद उद्योगपतियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के प्रति दिखाई गई प्रतिबद्धता की सराहना की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक लाइन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




