तमंचे का वीडियो वायरल होते ही पुलिस का एक्शन, आरोपी गिरफ्तार
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में देशी तमंचे के साथ वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना शिकोहाबाद पुलिस ने जांच शुरू की और जल्द ही आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आर्यन प्रताप सिंह उर्फ अतुल सागर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को छीछामई नहर पुल से लगभग 300 मीटर पहले दबोचा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इस बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी का देशी तमंचे के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




