
शिकोहाबाद पुलिस मुठभेड़ में हत्या आरोपी जर्मन सिंह गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
अवैध तमंचा, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल लोहे का सब्बल बरामद, पिता की हत्या का आरोपी निकला
खबर
फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जर्मन सिंह पुत्र सुघर सिंह निवासी बढाईपुरा थाना नसीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 19 और 20 अप्रैल 2026 की रात नगला सुंदर गांव में खेत पर बने मकान में सो रहे 80 वर्षीय सुघर सिंह की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना शिकोहाबाद पर मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपी की तलाश जारी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में गठित पुलिस टीम को 22 अप्रैल को सूचना मिली कि आरोपी नगला जवाहर नहर पुलिया के पास छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




