
मथुरा में एमएलसी प्रत्याशी युवराज अंबरीश पाल सिंह का जनसंपर्क तेज, शिक्षक संगठनों का मिला व्यापक समर्थन
शैक्षणिक संस्थानों के दौरे के दौरान शिक्षकों-स्नातकों से किया संवाद, समस्याओं को सदन में उठाने का किया वादा
मथुरा: आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी प्रत्याशी युवराज अंबरीश पाल सिंह ने अपने चुनाव प्रचार अभियान के तहत मथुरा जनपद में विभिन्न शिक्षण संस्थानों का दौरा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं से सीधे संवाद कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की, जिसे शिक्षक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला।
अभियान की शुरुआत किशोरी रमण इंटर कॉलेज से हुई, जहां कॉलेज प्रबंधक कुंवर नरेंद्र सिंह ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अंबरीश पाल सिंह एक योग्य और सक्षम प्रत्याशी हैं, जो शिक्षित वर्ग की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सदन में उठा सकते हैं। उन्होंने सभी शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस दौरान माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री संजय पचौरी ने भी अंबरीश पाल सिंह को समर्थन देते हुए शिक्षकों से उनके पक्ष में वोट करने की अपील की। वहीं, जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र उपाध्याय ने प्रत्याशी को बिना शर्त पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया।
इसके बाद अंबरीश पाल सिंह चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां जिला महामंत्री अनिल सिंह छौंकर ने उनका स्वागत किया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जनसंपर्क के दौरान शिक्षकों और स्नातकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रत्याशी के समक्ष रखीं। अंबरीश पाल सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इन समस्याओं को सदन तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित करेंगे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “मैं केवल वोट मांगने नहीं आया हूं, बल्कि शिक्षक और स्नातक वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए आपका आशीर्वाद चाहता हूं। आपकी समस्याओं का समाधान ही मेरी प्राथमिकता होगी।”
इस अवसर पर शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक, प्राचार्य, शिक्षक संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक व स्नातक मतदाता उपस्थित रहे।




