शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, सदर विधायक बोले—शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव

शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, सदर विधायक बोले—शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव

फिरोजाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मेयर कामिनी राठौर एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल की उपस्थिति में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का लखनऊ से सजीव प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान और निष्ठा बढ़ी है, जिसके लिए शिक्षक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक को मां सरस्वती की कृपा से सम्मानपूर्वक एवं स्वतंत्र वातावरण में अध्यापन कराने का अवसर मिलता है। शिक्षक और छात्र के बीच अनुशासन, संवाद एवं स्नेह का प्रभाव विद्यार्थी के जीवन पर अमिट छाप छोड़ता है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षण कार्य केवल एक विषय पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश और समाज के भविष्य का निर्माण करने का पवित्र दायित्व है। उन्होंने कहा कि समारोह में दिया गया सम्मान प्रतीकात्मक है और इसके माध्यम से जनपद के सभी शिक्षकों का सम्मान निहित है। प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा को उन्होंने बच्चों के जीवन और भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए शिक्षकों से विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक बच्चों को इस स्तर तक तैयार करें कि वे देश-दुनिया के विद्यार्थियों के साथ हर मंच पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने शिक्षकों से प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान के माध्यम से विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित रखने का आह्वान किया। साथ ही स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग करने, निरंतर नया सीखने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का पूरा लाभ उठाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रेरित किया।
मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि शिक्षक समाज के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि अन्य पेशों में हुई गलतियों का प्रभाव सीमित हो सकता है, लेकिन शिक्षक की गलती का प्रभाव पूरे समाज और राष्ट्र के भविष्य पर पड़ सकता है। इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी समाज और राष्ट्र के प्रति अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित
माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. सुनील यादव, प्रधानाचार्य राजकीय हाई स्कूल नगला पट्टी; डॉ. सीमा यादव, प्रधानाचार्य राजकीय हाई स्कूल कोडरा; योगेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक राजकीय हाई स्कूल नारखी; शिवांगी लवानिया, सहायक अध्यापक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टूंडला; यतेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य दीनबंधु इंटर कॉलेज उसायनी; हिमांशु शर्मा, प्रवक्ता डीएवी इंटर कॉलेज; महेश चंद दुबे, प्रहलाद टीकमानी इंटर कॉलेज; नारायण सिंह, प्रवक्ता पुरातन सरस्वती बीएम इंटर कॉलेज तथा हरेंद्र सिंह, प्रवक्ता डायट सहित अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
जनपद स्तर पर विकासखंडों से उत्कृष्ट शिक्षण के लिए प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों में रश्मि सिंह, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय कारीखेड़ा; दीपक बंसल, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय सोफीपुर; अखिलेश कुमार, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय दिनौली गोरवा तथा नेहा सक्सैना, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय चंदवार गेट को सम्मानित किया गया।
वहीं विशेष साफ-सफाई अभियान में बेहतर कार्य करने वाले विनोद कुमार, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर; मनोज कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय नंदनपुर; हरिप्रसाद, प्रधानाध्यापक पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय गढ़िया तथा मयंक रावत, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय नगला गंगी को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
PCT News




