फिरोजाबाद में नागरिक सुरक्षा कोर की समीक्षा बैठक, 85 नागरिक आरक्षकों को मिले अधिकृत पहचान पत्र
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नागरिक आरक्षकों से निःस्वार्थ सेवा, जन सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का किया आह्वान

फिरोजाबाद में नागरिक सुरक्षा कोर की समीक्षा बैठक, 85 नागरिक आरक्षकों को मिले अधिकृत पहचान पत्र
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नागरिक आरक्षकों से निःस्वार्थ सेवा, जन सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का किया आह्वान
फिरोजाबाद, 31 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों एवं नागरिक आरक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 85 नागरिक आरक्षकों को उनके अधिकृत पहचान पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी आरक्षकों से निष्काम सेवा, जन सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सभी 75 जनपदों में नागरिक सुरक्षा कोर का विस्तार किया गया है। वर्ष 2009 के संशोधन के बाद आपदा प्रबंधन को भी नागरिक सुरक्षा कोर के वैधानिक कार्यों में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए 60 वर्ष तक की आयु वाले सदस्यों की भर्ती को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को नागरिक सुरक्षा कोर से जोड़ने पर भी जोर दिया। इसके तहत महिलाओं और युवाओं को प्रभावी प्रतिनिधित्व देने के लिए विशेष प्रयास किए जाने की बात कही गई।
शांति काल में समाज सेवा सबसे बड़ा धर्म
जिलाधिकारी ने नागरिक आरक्षकों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शांति काल में नागरिकों की सुरक्षा और समाज की निःस्वार्थ सेवा सबसे बड़ा धर्म है। नागरिक सुरक्षा कोर महज एक औपचारिक पद नहीं, बल्कि देश प्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की जीवंत मिसाल है।
उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति हो, मेला-त्योहार का आयोजन हो या शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता, नागरिक सुरक्षा कोर की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहती है। उन्होंने आरक्षकों से अपनी ऊर्जा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति की सुरक्षा का कवच बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी 85 नागरिक आरक्षकों ने सुरक्षा, अनुशासन और निःस्वार्थ समाज सेवा को बनाए रखने का संकल्प लिया।
जिला सूचना अधिकारी, फिरोजाबाद




