कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण
जलभराव और गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश, नहर किनारे बैरिकेडिंग व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण
जलभराव और गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश, नहर किनारे बैरिकेडिंग व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
फिरोजाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शिकोहाबाद स्थित एटा चौराहा तथा आरौंज पुल कटरा बाजार (एटा-जसराना सीमा मार्ग) का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहने देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जहां-जहां सड़क पर जलभराव या गड्ढे हैं, उन्हें तत्काल भरवाकर सड़क की मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
साथ ही नहरों के किनारे संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सिंचाई विभाग को आवश्यक स्थानों पर तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिल सके।




