फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में बकरी चोर गैंग का पर्दाफाश, पैर में गोली लगने से एक घायल, दो गिरफ्तार
नारखी पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, चोरी की बकरियां, अवैध तमंचा, कार और नकदी बरामद

फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में बकरी चोर गैंग का पर्दाफाश, पैर में गोली लगने से एक घायल, दो गिरफ्तार
नारखी पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, चोरी की बकरियां, अवैध तमंचा, कार और नकदी बरामद

फिरोजाबाद। जनपद में बकरी चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए थाना नारखी पुलिस और सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान बकरी चोर गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पुत्र जगदीश और सोमवीर उर्फ बन्टी पुत्र जगदीश के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से थाना सिरसागंज क्षेत्र के सैफपुर गांव के निवासी हैं और वर्तमान में आगरा के शांति नगर में रह रहे थे।
दो बकरी चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, 7 जून 2026 को ग्राम बैंदीपुर विदरखा से चार बकरे-बकरियां और 4 जुलाई 2026 को कांशीराम नई कॉलोनी पचवान से छह बकरियां चोरी होने के मामले में थाना नारखी में मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन घटनाओं के खुलासे के लिए थाना पुलिस और सर्विलांस सहित चार टीमों का गठन किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल
24 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी चोरी की गई बकरियां बेचने के लिए बैंदी की पुलिया के पास कार सहित मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सौरभ के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा आरोपी सोमवीर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया।
बरामदगी में बकरियां, तमंचा, कार और नकदी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने—
– चोरी की 2 बकरियां
– एक अवैध तमंचा (.315 बोर)
– 4 जिंदा कारतूस
– एक खोखा कारतूस
– चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार (DL 2C AN 7682)
– चोरी की बकरियां बेचकर प्राप्त ₹15,000 नकद
बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी सौरभ पर आर्म्स एक्ट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं सोमवीर पर भी चोरी के मामलों में आपराधिक इतिहास मौजूद है।
घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
PCT News |




