राठौर समाज में जिलाध्यक्ष पद को लेकर विवाद, निर्धारित प्रक्रिया से ही होगा चुनाव: सुभाष चंद्र राठौर
प्रेस वार्ता में बोले जिलाध्यक्ष— बिना चुनाव प्रक्रिया के घोषणा अस्वीकार्य, 9 अगस्त को लोकतांत्रिक तरीके से होगा चुनाव
राठौर समाज में जिलाध्यक्ष पद को लेकर विवाद, निर्धारित प्रक्रिया से ही होगा चुनाव: सुभाष चंद्र राठौर
प्रेस वार्ता में बोले जिलाध्यक्ष— बिना चुनाव प्रक्रिया के घोषणा अस्वीकार्य, 9 अगस्त को लोकतांत्रिक तरीके से होगा चुनाव
फिरोजाबाद। जिला राठौर सभा के जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र राठौर ने प्रेस वार्ता कर 12 जुलाई को कर्बला स्थित राठौर धर्मशाला में आयोजित तेली महासभा फाउंडेशन की बैठक को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यह बैठक समाज की समस्याओं पर चर्चा के उद्देश्य से आयोजित की गई थी, जिसमें समाज के लोग, संरक्षक मंडल तथा सभा के कुछ पदाधिकारी शामिल हुए थे।
प्रेस वार्ता में सुभाष चंद्र राठौर ने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान रश्मिकांत राठौर अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और बिना किसी निर्धारित प्रक्रिया के उन्हें जिलाध्यक्ष घोषित कर माला पहनाई गई। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान संरक्षक मंडल और समाज के कई लोगों ने इसका विरोध भी किया।
उन्होंने कहा कि जिला राठौर सभा में जिलाध्यक्ष के चुनाव की एक निर्धारित लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। इसके तहत वर्तमान जिलाध्यक्ष पहले अपने कार्यकाल का आय-व्यय और कार्यों का विवरण समाज के समक्ष प्रस्तुत करते हैं। इसके बाद समाज के सदस्यों की उपस्थिति में मतदान कराया जाता है और सर्वाधिक समर्थन प्राप्त करने वाले प्रत्याशी को जिलाध्यक्ष चुना जाता है।
जिलाध्यक्ष ने रश्मिकांत राठौर की कथित कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए कहा कि जिला राठौर सभा इसका खंडन करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सभा के नाम, लेटरपैड या पद का किसी भी प्रकार से दुरुपयोग किया गया तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस वार्ता में यह भी जानकारी दी गई कि 19 जुलाई को वर्तमान कार्यकारिणी समाज के समक्ष आय-व्यय का पूरा विवरण प्रस्तुत करेगी। इसके बाद 9 अगस्त को जिला राठौर सभा का चुनाव निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।
इस दौरान हरिशंकर राठौर, सुरेश बाबू राठौर, करन राठौर, सिंटू राठौर, विष्णु राठौर, गीता राठौर, किरण राठौर, सपना राठौर, उमेश चंद्र राठौर, सुनील राठौर और श्याम सुंदर राठौर सहित समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे।
(नोट: यह समाचार जिला राठौर सभा के जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र राठौर द्वारा प्रेस वार्ता में दिए गए बयान और आरोपों पर आधारित है। यदि दूसरे पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)




