जिला कारागार फिरोजाबाद में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, बंदियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों ने कराया योगाभ्यास, जेल अधीक्षक ने नियमित योग अपनाने का दिया संदेश

जिला कारागार फिरोजाबाद में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, बंदियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों ने कराया योगाभ्यास, जेल अधीक्षक ने नियमित योग अपनाने का दिया संदेश
फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला कारागार फिरोजाबाद में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान कारागार में निरुद्ध बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया, जिससे उन्हें योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के सदस्य हेमंत बंसल एवं शुभम गुप्ता ने बंदियों को योगाभ्यास कराया और बताया कि नियमित योग करने से तनाव कम होता है तथा शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
वहीं महिला बैरक में संस्था की महिला प्रशिक्षकों तुलसी गोयल, गुंजन बंसल, शिखा अग्रवाल और सविता बंसल ने महिला बंदियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने महिलाओं को योग के माध्यम से मानसिक शांति और आत्मविश्वास बढ़ाने के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने सभी बंदियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कारागार प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।




