फर्जी वकील बनकर करता था ठगी, जमानत के नाम पर ऐंठे हजारों रुपये, पुलिस ने दबोचा
पुत्र की जमानत कराने के बहाने महिला से वसूले 9,500 रुपये, और 5 हजार की मांग पर दी जान से मारने की धमकी

फर्जी वकील बनकर करता था ठगी, जमानत के नाम पर ऐंठे हजारों रुपये, पुलिस ने दबोचा
पुत्र की जमानत कराने के बहाने महिला से वसूले 9,500 रुपये, और 5 हजार की मांग पर दी जान से मारने की धमकी
फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस ने फर्जी वकील बनकर लोगों से ठगी और धमकी देकर अवैध वसूली करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाता था और जमानत कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उत्तर पुलिस ने ककरऊ कोठी चौराहे से आरोपी जितेन्द्र उर्फ अंकुश पुत्र वीरेन्द्र निवासी आनंद नगर ककरऊ कोठी को गिरफ्तार किया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने थाना उत्तर में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उसके पुत्र की जमानत कराने का झांसा देकर 9,500 रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी ने 5,000 रुपये और मांगने शुरू कर दिए। जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना उत्तर में मुकदमा संख्या 339/2026 दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, कांस्टेबल अश्वनी कुमार एवं रिटायर्ड कांस्टेबल विशाल कुमार शामिल रहे।



