थाने से चंद कदम दूर दुकान में चोरी, दो मिनट में गुल्लक लेकर फरार हुआ चोर
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुआ आरोपी और उसी रास्ते से निकला

थाने से चंद कदम दूर दुकान में चोरी, दो मिनट में गुल्लक लेकर फरार हुआ चोर
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुआ आरोपी और उसी रास्ते से निकला

फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में थाने से चंद कदम की दूरी पर एक दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर ने रात के समय दुकान की छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया और गुल्लक लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

दुकानदार यतेंद्र गुप्ता के अनुसार, आरोपी रात करीब 1:49 बजे छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुआ। इसके बाद करीब 1:51 बजे गुल्लक लेकर उसी रास्ते से बाहर निकल गया। यानी आरोपी ने करीब दो मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया।
दुकानदार का कहना है कि आरोपी गुल्लक के अलावा दुकान से कोई अन्य सामान लेकर नहीं गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी के चेहरे पर गमछा बंधा हुआ दिखाई दे रहा है।
दुकानदार के अनुसार गुल्लक में करीब साढ़े आठ लाख रुपये रखे हुए थे। हालांकि चोरी गई रकम की वास्तविक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ उसकी तलाश में जुटी है।




