क्राइमयूपीराज्यलोकल न्यूज़

शिकोहाबाद पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़: मोबाइल लूट गैंग के दो आरोपी दबोचे, एक के पैर में लगी गोली

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश, पांच लूटे गए मोबाइल, तमंचा, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद

शिकोहाबाद पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़: मोबाइल लूट गैंग के दो आरोपी दबोचे, एक के पैर में लगी गोली

 पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश, पांच लूटे गए मोबाइल, तमंचा, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदातों में वांछित दो शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी पुलिस की कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से लूट के पांच मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, कारतूस, सात हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शिकोहाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोबाइल लूट के दो मामलों में वांछित आरोपी पुरातन रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के पास किसी नई वारदात की फिराक में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी ऋषि के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी मनीष पुलिस की कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में दर्ज मोबाइल लूट के मामलों में वांछित थे। दोनों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, पांच लूटे गए मोबाइल फोन, सात हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में मोबाइल लूट की अन्य घटनाओं और अपराधियों के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!