उरई निवासी युवक की फिरोजाबाद में सड़क हादसे में मौत, बहन की शादी के कार्ड बांटने आया था
जाटवपुरी चौराहे पर रोडवेज बस की टक्कर से हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम
उरई निवासी युवक की फिरोजाबाद में सड़क हादसे में मौत, बहन की शादी के कार्ड बांटने आया था

जाटवपुरी चौराहे पर रोडवेज बस की टक्कर से हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम

फिरोजाबाद। जनपद उरई निवासी एक युवक की फिरोजाबाद में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार उरई जनपद निवासी अशीन पुत्र हनीफ उम्र करीब 36 वर्ष अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए फिरोजाबाद आए हुए थे। बताया जा रहा है कि जब वह थाना उत्तर क्षेत्र के जाटवपुरी चौराहा के पास पहुंचे, तभी एक सरकारी रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि अशीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसरा हुआ है। शादी की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।




