जिला अस्पताल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस बनी आग का गोला, मचा हड़कंप
जिला अस्पताल परिसर में खड़ी एक एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई।
जिला अस्पताल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस बनी आग का गोला, मचा हड़कंप

फिरोजाबाद। यूपी के फिरोजाबाद जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला अस्पताल परिसर में खड़ी एक एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते एम्बुलेंस आग का गोला बन गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार देर रात की है, जब अस्पताल परिसर में खड़ी एक कंडम एम्बुलेंस में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों और फायर फाइटरों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
हालांकि, एम्बुलेंस में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने की वजह तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएफओ सतेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




