नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए कृत्रिम कुंडों में ही होगा गणेश प्रतिमा विसर्जन: एसडीएम सदर
यमुना निगरानी समिति की बैठक में बनी गणेश महोत्सव की व्यवस्थाओं की कार्ययोजना, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए कृत्रिम कुंडों में ही होगा गणेश प्रतिमा विसर्जन: एसडीएम सदर
यमुना निगरानी समिति की बैठक में बनी गणेश महोत्सव की व्यवस्थाओं की कार्ययोजना, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

फिरोजाबाद। नदियों की पवित्रता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर तहसील सदर सभागार में उप जिला अधिकारी सदर सुदर्शन कुमार की अध्यक्षता में यमुना निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 14 से 25 सितंबर तक होने वाले श्री गणेश महोत्सव एवं प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
एसडीएम सदर ने स्पष्ट किया कि माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेशों का पालन करते हुए किसी भी परिस्थिति में नदियों में सीधे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जाएगा। प्रतिमाओं का विसर्जन केवल जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित एवं निर्मित कृत्रिम कुंडों और तालाबों में ही कराया जाएगा।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं और निर्धारित कृत्रिम कुंडों में ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें, ताकि यमुना एवं अन्य नदियों को प्रदूषण से बचाया जा सके।
बैठक में विसर्जन स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट वैन, डस्टबिन, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रशिक्षित गोताखोर, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं तथा महिला पुलिस बल की तैनाती के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उन्होंने विसर्जन व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिन पर प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।




