विकास भवन का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, शिकायतों की जमीनी हकीकत परखी
शिकायतकर्ताओं से फोन पर की सीधी बात, लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को लगाई फटकार; स्वच्छता और शिकायत निस्तारण में सुधार के दिए निर्देश

विकास भवन का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, शिकायतों की जमीनी हकीकत परखी
शिकायतकर्ताओं से फोन पर की सीधी बात, लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को लगाई फटकार; स्वच्छता और शिकायत निस्तारण में सुधार के दिए निर्देश
फिरोजाबाद।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ताओं से सीधे दूरभाष पर वार्ता कर जमीनी हकीकत की जानकारी ली।
समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता राजवीर यादव से बात कर वृद्धावस्था पेंशन की स्थिति जानी, जिस पर शिकायतकर्ता ने संतोष व्यक्त किया।
वहीं, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में हाथवंत ब्लॉक स्थित रेवा गौशाला से संबंधित शिकायत के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर वास्तविक स्थिति की पुष्टि करें, ताकि योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके।
अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने बड़ी परियोजनाओं की जांच रिपोर्टों की समीक्षा की और खराब कार्य करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी दौरान जिले की महिलाओं की प्रति व्यक्ति आय संबंधी जानकारी मांगने पर विभागीय अधिकारी स्पष्ट उत्तर नहीं दे सके, जिस पर डीएम ने असंतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
विकास भवन परिसर में गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और सभी अधिकारियों को अपने कार्यालयों के साथ-साथ पूरे परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही शिकायतों की निगरानी के लिए अलग से शिकायत निस्तारण रजिस्टर तैयार करने के आदेश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वतः रोजगार कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जिला उद्यान कार्यालय सहित विकास भवन के लगभग सभी प्रमुख विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




