संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सुनीं 154 शिकायतें, 16 का मौके पर हुआ निस्तारण
टूंडला तहसील में आयोजित समाधान दिवस में मंदिर की जमीन पर कब्जे, फर्जी मेडिकल रिपोर्ट और भूमि विवाद समेत कई मामलों पर डीएम ने दिए सख्त जांच के निर्देश, बुजुर्गों की सुनवाई को प्राथमिकता देने का आदेश।

संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सुनीं 154 शिकायतें, 16 का मौके पर हुआ निस्तारण
टूंडला तहसील में आयोजित समाधान दिवस में मंदिर की जमीन पर कब्जे, फर्जी मेडिकल रिपोर्ट और भूमि विवाद समेत कई मामलों पर डीएम ने दिए सख्त जांच के निर्देश, बुजुर्गों की सुनवाई को प्राथमिकता देने का आदेश।
फिरोजाबाद, 1 अगस्त।
जनपद की तहसील टूंडला में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान ग्राम इमलिया के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मंदिर श्री महाराज धिराज रामेश्वर महाराज की ग्राम पंचायत भूमि एवं धर्मशाला परिसर पर अवैध कब्जे की शिकायत की। आरोप है कि कुछ लोगों ने वहां कूड़ा-करकट, ट्रैक्टर-ट्रॉली और मवेशी बांध रखे हैं, जिससे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी ने बीडीओ और थाना पचोखरा प्रभारी को सात दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम सीवारा निवासी कुंती देवी ने अपने पति के मुकदमे में कथित रूप से फर्जी सिटी स्कैन रिपोर्ट तैयार कर धाराएं बढ़ाने का आरोप लगाया। डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी और मुख्य चिकित्साधीक्षक को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्राम नगला दल निवासी वीरी सिंह ने भूमि बिक्री के भुगतान का चेक बाउंस होने के बावजूद खेत पर जबरन कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी का संवेदनशील पक्ष भी देखने को मिला। खतौनी बनवाने के लिए लाइन में लगे किसानों के लिए तत्काल पंखों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपजिलाधिकारी टूंडला को निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले बुजुर्गों की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
नगर पालिका और सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिशासी अधिकारी को नियमित निरीक्षण, समय पर कूड़ा उठान और जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
समाधान दिवस में कुल 154 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर के साथ विपणन विकास सहायता योजना के तहत अनुसूचित जाति एवं जीरो पॉवर्टी लाइन के लाभार्थियों के लिए आयोजित जागरूकता शिविर में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाकर उसे आत्मनिर्भर बनाना है।




