फिरोजाबाद: सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 154 शिकायतें, 16 का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
टूण्डला तहसील में आयोजित समाधान दिवस में मंदिर भूमि पर कब्जा, फर्जी मेडिकल रिपोर्ट और जमीन विवाद समेत कई मामलों पर डीएम संतोष कुमार शर्मा ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

फिरोजाबाद: सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 154 शिकायतें, 16 का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
टूण्डला तहसील में आयोजित समाधान दिवस में मंदिर भूमि पर कब्जा, फर्जी मेडिकल रिपोर्ट और जमीन विवाद समेत कई मामलों पर डीएम संतोष कुमार शर्मा ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
फिरोजाबाद।
तहसील टूण्डला में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान ग्राम इमलिया के ग्रामीणों ने मंदिर श्री महाराज धिराज रामेश्वर महाराज एवं धर्मशाला की ग्राम पंचायत भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी और थाना पचोखरा प्रभारी को सात दिन के भीतर जांच कर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम सीवारा निवासी कुंती देवी ने अपने पति के मुकदमे में फर्जी सिटी स्कैन रिपोर्ट तैयार कर धाराएं बढ़ाने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधीक्षक को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए।
ग्राम नगला दल निवासी वीरी सिंह ने चेक बाउंस होने के बावजूद जमीन पर जबरन कब्जे और जान से मारने की धमकी की शिकायत की। जिलाधिकारी ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी का संवेदनशील पक्ष भी देखने को मिला। खतौनी के लिए लाइन में लगे किसानों की सुविधा के लिए तत्काल पंखे की व्यवस्था कराई गई। साथ ही उपजिलाधिकारी टूण्डला को निर्देश दिए गए कि जनसुनवाई में आने वाले बुजुर्गों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
डीएम ने नगर पालिका एवं सफाई व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए अधिशासी अधिकारी को नियमित निरीक्षण, समय पर कूड़ा उठान और जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 154 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर के साथ विपणन विकास सहायता योजना के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय जागरूकता शिविर में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र लाभार्थियों तक सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे।




