आगरा में इलाज के दौरान दो सगी बहनों की मौत, जहरीले कीड़े के काटने की आशंका
नारखी के दौलतपुर गांव की घटना, जिला अस्पताल से रेफर होने के 24 घंटे बाद दोनों मासूम बहनों ने तोड़ा दम

आगरा में इलाज के दौरान दो सगी बहनों की मौत, जहरीले कीड़े के काटने की आशंका

नारखी के दौलतपुर गांव की घटना, जिला अस्पताल से रेफर होने के 24 घंटे बाद दोनों मासूम बहनों ने तोड़ा दम

फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र के गांव दौलतपुर में जहरीले कीड़े के काटने की आशंका में बीमार हुईं दो सगी मासूम बहनों की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिला अस्पताल से गंभीर हालत में रेफर किए जाने के करीब 24 घंटे बाद दोनों बच्चियों ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक बच्चियों की पहचान 8 वर्षीय खुशी और जानवी, पुत्रियां अशोक कुमार निवासी गांव दौलतपुर, थाना नारखी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात दोनों बच्चियां भोजन करने के बाद घर में सो गई थीं। शनिवार सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होने लगीं। आनन-फानन में परिजन उन्हें सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया था।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई थी कि दोनों बच्चियों को किसी जहरीले कीड़े ने काटा हो सकता है। हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच और अन्य रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
आगरा के अस्पताल में दोनों बच्चियों का इलाज लगातार जारी रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद रेफर किए जाने के लगभग 24 घंटे बाद दोनों बहनों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। बच्चियों की मौत का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




