हाथरस: पुलिस पर पथराव करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कैलाश नगर पथराव कांड के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरसद और मोहम्मद जुबैर के रूप में हुई है।
क्या था पूरा मामला?
सोमवार, 30 मार्च को कैलाश नगर इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद इस कदर बढ़ा कि देखते-देखते जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामला शांत कराने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर भी पथराव कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया।
SP के आदेश पर कसा शिकंजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए हाथरस के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद थाना हाथरस गेट की पुलिस टीम ने रातभर दबिश देकर मंगलवार को दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ नए आपराधिक कानून BNS (भारतीय न्याय संहिता) के साथ-साथ 7 CLA एक्ट (Criminal Law Amendment Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इन गंभीर धाराओं के साथ दर्ज मामले में दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन पर भी शिकंजा कसा जाएगा।





