
डीआईजी शैलेश पांडे ने मैनपुरी पुलिस को कसा — लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस का कड़ा संदेश
मैनपुरी। आगरा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश पांडे दो दिन के दौरे पर जनपद मैनपुरी पहुंचे और पुलिस महकमे का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कोतवाली मैनपुरी पहुंचकर थाने की साफ-सफाई से लेकर फरियादियों की सुनवाई तक हर पहलू को परखा। लंबित मामलों और अभिलेखों की स्थिति देख अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि आमजन को न्याय मिलने में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन का रुख किया जहां कर्मियों की रहन-सहन की व्यवस्था, ट्रेनिंग और अनुशासन को लेकर उन्होंने गहरी समीक्षा की। उन्होंने जवानों से सीधे मुखातिब होते हुए कहा कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है।
दौरे के दौरान डीआईजी ने शहर के व्यापारियों और पेंशनर्स से मिलकर उनकी परेशानियां सुनीं और सुरक्षा व्यवस्था पर उनके सुझाव लिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह गंभीर है।
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में डीआईजी शैलेश पांडे ने दो टूक कहा —
“कानून-व्यवस्था हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”
उनके इस दौरे को मैनपुरी में पुलिसिंग को नई धार देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट — मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ, मैनपुरी




