धवरई बिजलीघर का किसानों ने किया घेराव, बिजली विभाग की कार्यशैली पर उठाए सवाल
भारतीय किसान यूनियन (किरन) का आरोप—शिकायतों के समाधान से पहले ही कर्मचारी हुए गायब, समस्याएं नहीं सुलझीं तो दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
धवरई बिजलीघर का किसानों ने किया घेराव, बिजली विभाग की कार्यशैली पर उठाए सवाल

भारतीय किसान यूनियन (किरन) का आरोप—शिकायतों के समाधान से पहले ही कर्मचारी हुए गायब, समस्याएं नहीं सुलझीं तो दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
फिरोजाबाद। धवरई क्षेत्र में लगातार मिल रही विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों और बिजली विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (किरन) ने शुक्रवार को धवरई बिजलीघर का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विवेक यादव एवं जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने किया।

यूनियन का आरोप है कि क्षेत्र के किसानों और आम उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घेराव की सूचना मिलते ही बिजलीघर के कर्मचारी मौके से चले गए, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली और समस्याओं के प्रति उसकी गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विवेक यादव ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्युत विभाग ने जल्द ही बिजली आपूर्ति और अन्य लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया, तो भारतीय किसान यूनियन (किरन) व्यापक आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।
यूनियन ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों एवं आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।




