Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
E-Paperhttps://pctnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifयूपीराज्यलोकल न्यूज़

किसान समाधान दिवस में किसानों की समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश, फार्मर रजिस्ट्री और कृषि योजनाओं की जानकारी दी

किसान समाधान दिवस में किसानों की समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश

 

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश, फार्मर रजिस्ट्री और कृषि योजनाओं की जानकारी दी

 

विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित किसानों की समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि किसान समाधान दिवस में किसानों को कृषि और किसान हित से जुड़ी उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ साहित्य भी वितरित किया जाए। कृषि उपयोगी स्टालों के माध्यम से भी किसानों को विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे को नोडल अधिकारी नामित किया।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को आयोजित होने वाले किसान समाधान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखें।

 

मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने ग्राम पंचायत स्तर से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने किसानों से धान की फसल की कटाई के बाद पराली नहीं जलाने की अपील की।

 

उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खाद और बीज प्राप्त करने, कृषि यंत्रों पर अनुदान, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और खाद्यान्न खरीद जैसी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आवश्यक है।

 

उन्होंने बताया कि किसान जनसेवा केंद्र, लेखपाल, ग्राम सचिव या कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। जिन किसानों की रजिस्ट्री में कोई गाटा छूटा हुआ है, वे उसे तत्काल जुड़वा लें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी न हो। पीएम किसान योजना से संबंधित त्रुटियों का सुधार जनसेवा केंद्र के माध्यम से पीएम किसान पोर्टल के मिसिंग अपडेट विकल्प पर जाकर किया जा सकता है।

जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि आगामी रबी सीजन में तिलहनी फसल तोरिया की मिनीकिट ई-लॉटरी के माध्यम से वितरित की जाएगी। इसके लिए किसान कृषि विभाग की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। राजकीय बीज भंडारों पर अनुदानित दरों पर जौ, चना, मसूर और गेहूं की उन्नतशील प्रजातियों के बीज उपलब्ध रहेंगे।

 

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश गुप्ता ने बताया कि जनपद में एफएमडी और एलएसडी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय टीमों द्वारा गांवों में पशुओं का टीकाकरण कराया जा रहा है। पशुओं से संबंधित आपात स्थिति में किसान पशुपालन विभाग के टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

जिला उद्यान अधिकारी चंद्रप्रकाश अवस्थी ने निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार में छूट की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निजी शीतगृह में आलू भंडारित करने वाले किसानों को प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर की सीमा तक 20 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसान जनसेवा केंद्र के माध्यम से उद्यान विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।

 

वरिष्ठ वैज्ञानिक पृथ्वी पाल सिंह ने किसानों को लौकी, तोरई, कद्दू सहित उद्यान वर्गीय फसलों में फल मक्खी की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

 

किसान समाधान दिवस में विद्युत, सहकारिता, बैंक, सिंचाई, मंडी, भूमि संरक्षण, खाद्य विपणन, नलकूप, पशुपालन और फसल बीमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। जनपद के अलग-अलग विकासखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

 

कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह ने सभी अधिकारियों और किसानों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!