संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने नीम के पेड़ से फंदा लगाकर दी जान, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
बेटी के विवाह को लेकर पहले हुआ था विवाद, थाने में भी पहुंचा था मामला; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने नीम के पेड़ से फंदा लगाकर दी जान, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
बेटी के विवाह को लेकर पहले हुआ था विवाद, थाने में भी पहुंचा था मामला; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच
फिरोजाबाद/जसराना। थाना जसराना क्षेत्र के ग्राम नगला कांस में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। 45 वर्षीय रणवीर सिंह पुत्र सरनाम सिंह का शव खेत में नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार रणवीर सिंह ने खेत में लगे नीम के पेड़ पर अंगोछे का फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के पीछे गांव के ही कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज और अपमानित किए जाने को कारण बताया जा रहा है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
बेटी की शादी को लेकर पहले हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, रणवीर सिंह की बेटी शालिनी की शादी 30 अप्रैल 2026 को मोहम्मदाबाद निवासी संत सिंह पुत्र छेदा लाल के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी से पहले युवती का गांव के ही सौरव पुत्र ओमप्रकाश के साथ प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी।
डायल 112 के बाद थाने पहुंचा था मामला
परिजनों का आरोप है कि सौरव के परिवार की ओर से रणवीर सिंह के साथ कथित रूप से अभद्रता और अनर्गल बातें की गई थीं। इसके बाद मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई और विवाद थाने तक पहुंचा। थाने में हुई सुनवाई के दौरान युवती ने अपने पिता के साथ जाने की सहमति जताई थी, जिसके बाद मामला शांत हो गया था।
गाली-गलौज और अपमान का लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि थाने से लौटने के बाद नीलेश पुत्र ओमप्रकाश, ओमप्रकाश पुत्र पातिराम और जयकुमार पुत्र ओमप्रकाश ने रणवीर सिंह और उनके परिवार के साथ सरेआम गाली-गलौज की और उन्हें अपमानित किया। आरोप है कि इसी घटना से आहत होकर रणवीर सिंह खेत की ओर चले गए और नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
तीन बेटियां और दो बेटों को पीछे छोड़ गए
रणवीर सिंह की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं।
सूचना मिलने पर थाना जसराना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




