ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: तीन घंटे में सकुशल मिले दो मासूम बच्चे
थाना उत्तर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 5 वर्षीय रेयांश और गार्गी को नगला गोला के पास से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया

ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: तीन घंटे में सकुशल मिले दो मासूम बच्चे
थाना उत्तर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 5 वर्षीय रेयांश और गार्गी को नगला गोला के पास से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया
फिरोजाबाद, 31 अगस्त। ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना उत्तर पुलिस ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुए दो पांच वर्षीय मासूम बच्चों को महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और फिरोजाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, रेयांश पुत्र अमित एवं गार्गी पुत्री अमित, निवासी बछगांव, थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद, अपनी मां ममता के साथ थाना उत्तर क्षेत्र स्थित अपने ननिहाल आए हुए थे। दोनों बच्चे 31 अगस्त को करीब दोपहर 2 बजे घर से निकल गए, जिसके बाद परिजनों द्वारा उनकी तलाश की गई।

सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना उत्तर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बच्चों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की। इसके साथ ही सोशल मीडिया एवं विभिन्न माध्यमों से भी बच्चों की तलाश की गई।
लगातार किए गए प्रयासों और पुलिस की तत्परता के परिणामस्वरूप दोनों बच्चों को ग्राम नगला गोला, राजा का ताल रोड के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह की सराहनीय भूमिका
क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना उत्तर पुलिस टीम द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। बच्चों की तलाश के दौरान संभावित स्थानों पर पुलिस टीम को सक्रिय करते हुए विभिन्न माध्यमों से सूचना प्रसारित कराई गई, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस को शीघ्र सफलता मिली।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने पुलिस टीम की तत्परता एवं समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ संवेदनशीलता और टीमवर्क बेहद महत्वपूर्ण है।
बच्चों के सकुशल मिलने के बाद उनके परिजनों ने खुशी व्यक्त करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
गठित पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक रवी त्यागी मय पुलिस टीम, थाना उत्तर, जनपद फिरोजाबाद।




