गैंगस्टर वारिस की 7.55 लाख रुपये की चल संपत्ति कुर्क, स्कॉर्पियो और पल्सर जब्त
थाना मक्खनपुर पुलिस एवं राजस्व टीम की संयुक्त कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कुर्की की कार्रवाई

गैंगस्टर वारिस की 7.55 लाख रुपये की चल संपत्ति कुर्क, स्कॉर्पियो और पल्सर जब्त
थाना मक्खनपुर पुलिस एवं राजस्व टीम की संयुक्त कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कुर्की की कार्रवाई
फिरोजाबाद, 31 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा गैंगस्टर एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मक्खनपुर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियुक्त वारिस पुत्र मौहम्मद शकील मास्टर, निवासी मोहल्ला रूकनपुरा, थाना शिकोहाबाद, जनपद फिरोजाबाद की अपराध से अर्जित बताई गई 7 लाख 55 हजार 999 रुपये की चल संपत्ति कुर्क की है।
पुलिस के अनुसार गैंगस्टर अभियुक्त वारिस द्वारा अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से अपने तथा अपनी पत्नी मदीना के नाम चल संपत्ति खरीदी गई थी। जिलाधिकारी फिरोजाबाद के आदेश के क्रम में नियमानुसार उक्त संपत्ति के विरुद्ध कुर्की एवं जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।
स्कॉर्पियो और पल्सर मोटरसाइकिल कुर्क
कुर्क की गई संपत्ति में पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UP83BL2887, जिसकी मूल्यांकन कीमत 85 हजार रुपये, तथा महिन्द्रा स्कॉर्पियो कार संख्या UP83BR8458, जिसकी मूल्यांकन कीमत 6 लाख 70 हजार 999 रुपये बताई गई है। दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 55 हजार 999 रुपये है।

पुलिस एवं राजस्व टीम द्वारा कार्रवाई के बाद लाउडस्पीकर एवं मुनादी के माध्यम से आमजन को कुर्क की गई संपत्ति के संबंध में जानकारी दी गई।
गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज है मुकदमा
पुलिस के मुताबिक वारिस के विरुद्ध थाना शिकोहाबाद में मु0अ0सं0 589/2025, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध जुआ अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे भी दर्ज हैं।
इन मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त वारिस के विरुद्ध थाना शिकोहाबाद में वर्ष 2016 से 2025 तक जुआ अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी एवं अन्य गंभीर धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कुर्की की कार्रवाई क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद शेखर सेंगर, नायब तहसीलदार शिकोहाबाद तथा थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन कुमार शर्मा के नेतृत्व में थाना मक्खनपुर पुलिस एवं राजस्व टीम द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध एवं अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।




