आयुक्त आगरा मंडल ने फिरोजाबाद और शिकोहाबाद की सेतु परियोजनाओं का किया निरीक्षण
सुहाग नगर सुभाष चौक फ्लाईओवर और रामदासपुरा यमुना सेतु निर्माण में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

आयुक्त आगरा मंडल ने फिरोजाबाद और शिकोहाबाद की सेतु परियोजनाओं का किया निरीक्षण

सुहाग नगर सुभाष चौक फ्लाईओवर और रामदासपुरा यमुना सेतु निर्माण में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

खबर
फिरोजाबाद 23 अप्रैल
आयुक्त आगरा मंडल नागेन्द्र प्रताप ने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ फिरोजाबाद और शिकोहाबाद में निर्माणाधीन महत्वपूर्ण सेतु परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फिरोजाबाद में सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक जैन मंदिर तक निर्माणाधीन दो लेन फ्लाईओवर का निरीक्षण करते हुए आयुक्त को बताया गया कि लगभग 1291.69 मीटर लंबी इस परियोजना की लागत करीब 7269.78 लाख रुपये है और अब तक 64 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। सेतु के सभी 208 पिलर तैयार हो चुके हैं जबकि 117 में से 107 बीम का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा 39 स्पान क्रॉस बीम में से 29 और 39 डेक स्लैब में से 21 का कार्य पूर्ण हो चुका है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि कार्य में और तेजी लाई जाए तथा थर्ड पार्टी से गुणवत्ता की जांच कराई जाए। उन्होंने 31 मार्च 2027 तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयुक्त ने शिकोहाबाद के रामदासपुरा के पास यमुना नदी पर बन रहे सेतु और पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। लगभग 6273.59 लाख रुपये की इस परियोजना की भौतिक प्रगति 72 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 74 प्रतिशत पाई गई। सेतु की कुल लंबाई 477.75 मीटर है। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि 10 में से 9 वेल फाउंडेशन और सभी 8 टियर का कार्य पूरा हो चुका है। 27 में से 21 बीम तैयार हो चुके हैं जबकि शेष बीम और डेक स्लैब का कार्य जारी है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि शेष कार्यों में तेजी लाई जाए और नदी में रास्ता बनाकर बीम लॉन्चिंग का कार्य तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को निर्देशित किया कि सभी कार्य दिसंबर 2026 से पहले गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण कर लिए जाएं ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



