प्रेम प्रसंग में बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, प्रेमी और नातिन गिरफ्तार
शादी में बाधा बने बाबा को चाकू से उतारा मौत के घाट, शव जलाकर मिटाने की कोशिश; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और रक्तरंजित कपड़े किए बरामद

प्रेम प्रसंग में बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, प्रेमी और नातिन गिरफ्तार
शादी में बाधा बने बाबा को चाकू से उतारा मौत के घाट, शव जलाकर मिटाने की कोशिश; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और रक्तरंजित कपड़े किए बरामद
फिरोजाबाद। जनपद के थाना टूण्डला क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या में वांछित युवक और साजिश रचने वाली मृतक की नातिन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने की चाह में उन्होंने बुजुर्ग की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना टूण्डला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी विपिन पुत्र लीलम, निवासी डाहिनी थाना शिकोहाबाद को बन्ना रोड स्थित एफएच मेडिकल कॉलेज के पीछे टावर के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 24-25 जून 2026 की रात उसने अपनी प्रेमिका के कहने पर उसके बाबा ब्रह्मऋषि उर्फ नरेन्द्र पाल सिंह पर चाकू से तीन वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वारदात के सबूत मिटाने के लिए शव को आग लगाकर जला दिया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। वहीं पुलिस ने घटना की साजिश में शामिल मृतक की नातिन को भी गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम संबंध बने हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आपस में प्रेम संबंध में थे और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते थे। आरोप है कि मृतक उनके रिश्ते में बाधा बन रहे थे, जिसके चलते उन्हें रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची गई।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना टूण्डला में हत्या, साक्ष्य मिटाने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी विपिन के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
(नोट: यह समाचार उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट पर आधारित है। आरोपियों पर लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।)




