Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
युवायूपीराज्यलोकल न्यूज़

फिरोजाबाद में ‘स्कूल चलो अभियान’ द्वितीय चरण का शुभारंभ, हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, कहा— कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं रहेगा

फिरोजाबाद में ‘स्कूल चलो अभियान’ द्वितीय चरण का शुभारंभ, हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, कहा— कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं रहेगा

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की शिक्षा को लेकर प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जनपद फिरोजाबाद में ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण का गुरुवार को औपचारिक एवं भव्य शुभारंभ किया गया। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) फिरोजाबाद से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की नई शिक्षा नीति एवं शिक्षा विभाग की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्री-प्राइमरी (बाल वाटिका) से लेकर कक्षा एक तथा कक्षा 5 एवं 8 उत्तीर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का अगली कक्षाओं में अनिवार्य रूप से पुनः नामांकन कराया जाएगा।

घर-घर सर्वे कर चिन्हित किए जाएंगे स्कूल से बाहर बच्चे

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की प्रत्येक ग्राम सभा और शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में स्कूल जाने योग्य बच्चों का सर्वे कराया जा रहा है। जो बच्चे किसी कारणवश विद्यालय से बाहर हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं, उन्हें विशेष अभियान चलाकर दोबारा विद्यालयों से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि शिक्षा का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

नामांकन के साथ नियमित उपस्थिति पर भी रहेगा विशेष जोर

डीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल नामांकन के आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यालयों में पंजीकृत प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद का कोई भी बच्चा आर्थिक, सामाजिक अथवा अन्य किसी कारण से शिक्षा के मौलिक अधिकार से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

अभिभावकों से की सहयोग की अपील

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास के प्रत्येक स्कूल योग्य बच्चे का विद्यालय में प्रवेश कराएं। उन्होंने कहा कि जब हर बच्चा स्कूल जाएगा, तभी शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव होगा।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाना, ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा विद्यालयों से जोड़ना तथा प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। जनपद फिरोजाबाद में अभियान का दूसरा चरण इसी लक्ष्य को लेकर लगातार संचालित किया जाएगा।

संवाददात

दुष्यंत यादव फिरोजाबाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!