फिरोजाबाद में अग्नि सुरक्षा जांच अभियान जारी, तीन लाइब्रेरी में मिली भारी लापरवाही, नोटिस जारी
मक्खनपुर की तीन लाइब्रेरी में नहीं मिले अग्निशमन उपकरण, औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई

फिरोजाबाद में अग्नि सुरक्षा जांच अभियान जारी, तीन लाइब्रेरी में मिली भारी लापरवाही, नोटिस जारी
मक्खनपुर की तीन लाइब्रेरी में नहीं मिले अग्निशमन उपकरण, औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई
फिरोजाबाद, 28 जून। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत रविवार को विभिन्न शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मक्खनपुर क्षेत्र की तीन लाइब्रेरी में अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह अनुपस्थित मिली, जिस पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, चार औद्योगिक इकाइयों में अग्निशमन उपकरण स्थापित एवं कार्यशील अवस्था में पाए गए।
निरीक्षण के दौरान राधे लाइब्रेरी (नई बस्ती, नवादा, मक्खनपुर), फौजी बुक गार्डन लाइब्रेरी (बिल्टीगढ़ चौराहा, मक्खनपुर) तथा एल.एस. लाइब्रेरी (बाईपास सर्विस रोड, मक्खनपुर) में अग्निशमन के कोई उपकरण उपलब्ध नहीं मिले। इनमें से राधे लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित पाई गई। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर तीनों संस्थानों को नोटिस जारी कर आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं औद्योगिक क्षेत्र में स्थित चंद्रा ग्लास (UPSIDC, जलेसर रोड), ट्रांस पेरेंट ओवरसीज (NH-2, आगरा रोड), फिरोजाबाद सिरेमिक (इंडस्ट्रियल एरिया, नगला भाऊ) तथा आई.बी. ग्लास (इंडस्ट्रियल एरिया, नगला भाऊ) का भी निरीक्षण किया गया। इन सभी इकाइयों में अग्निशमन उपकरण स्थापित एवं कार्यशील अवस्था में पाए गए, जिस पर संतोष व्यक्त किया गया।
अग्नि सुरक्षा विभाग का यह निरीक्षण अभियान जनपद में सार्वजनिक संस्थानों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से लगातार जारी है। विभाग ने सभी संस्थानों से अग्निशमन संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने की अपील की है।




