फिरोजाबाद में भव्य सर्वसमाज सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न, 11 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे
वीरांगना झलकारी बाई एजुकेशन सोसायटी के आयोजन में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का रीति-रिवाज के साथ हुआ विवाह, गृहस्थी का पूरा सामान भी किया गया भेंट।


फिरोजाबाद में भव्य सर्वसमाज सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न, 11 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे

वीरांगना झलकारी बाई एजुकेशन सोसायटी के आयोजन में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का रीति-रिवाज के साथ हुआ विवाह, गृहस्थी का पूरा सामान भी किया गया भेंट।

फिरोजाबाद | 22 जुलाई 2026
फिरोजाबाद के जलेसर रोड स्थित रामदास गार्डन में बुधवार को वीरांगना झलकारी बाई एजुकेशन सोसायटी (रजि.) के तत्वावधान में सर्वसमाज सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के 11 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक बंधन में बंधे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय लोधा, लोध, लोधी राजपूत कल्याण महासभा (राजस्थान) के प्रदेश अध्यक्ष एवं जसराना क्षेत्र के समाजसेवी देवेंद्र सिंह लोधी रहे। उन्होंने मंडप में पहुंचकर सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में मौजूद अन्य अतिथियों ने भी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए इस सामाजिक पहल की सराहना की।

सोसायटी के प्रबंधक एवं संयोजक डॉ. वी.पी. सिंह शंखवार तथा डायरेक्टर रोहित कुमार शंखवार ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग कर उनके माता-पिता के आर्थिक बोझ को कम करना है। इसी उद्देश्य से सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी बसाने के लिए बेड, कूलर, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, सिलाई मशीन, बर्तन, सोफा, एलईडी टीवी, कपड़े, वाटर कूलर सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामान भेंट किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक समरसता, सहयोग और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। इस प्रकार के आयोजन से गरीब एवं असहाय परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न हो जाता है और उनके माता-पिता को आर्थिक राहत मिलती है। उन्होंने संस्था के इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय बताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के अध्यक्ष राजबहादुर सिंह, महामंत्री बलवीर सिंह, कोषाध्यक्ष श्याम सिंह शंखवार, उपाध्यक्ष महेश चंद्र, आलोक कुमार, मनोज कृष्ण, जयकिशन सहित संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, रिश्तेदार एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे और नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।




