आयुष विभाग का ग्राम महराजपुर में स्वास्थ्य शिविर, 145 लोगों ने लिया लाभ
ग्रीष्मकालीन बीमारियों से बचाव, योग और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर किया गया जागरूक

आयुष विभाग का ग्राम महराजपुर में स्वास्थ्य शिविर, 145 लोगों ने लिया लाभ
ग्रीष्मकालीन बीमारियों से बचाव, योग और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर किया गया जागरूक
जनपद Firozabad के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जौंधरी द्वारा रविवार 25 मई 2026 को ग्राम महराजपुर में “आयुष आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशाल आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शरद वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ग्रीष्म ऋतु में होने वाली बीमारियों, लू से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली एवं योग के प्रति जागरूक करना था।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने, संतुलित एवं सुपाच्य भोजन लेने तथा तेज धूप से बचने के बारे में जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि लापरवाही बरतने पर डिहाइड्रेशन, लू, सिरदर्द, उल्टी, त्वचा रोग सहित कई मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। जांच के दौरान 13 मधुमेह एवं 7 उच्च रक्तचाप के रोगियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।
योग सत्र में योग प्रशिक्षकों ने ग्रामीणों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक तनाव भी कम होता है। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक योग गतिविधियों में भाग लिया।
शिविर में कुल 145 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया, जिनमें 101 पुरुष एवं 44 महिलाएं शामिल रहीं। इसके अलावा 73 बुजुर्गों को विशेष स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में चिकित्साधिकारी डॉ. दुर्गेन्द्र सिंह एवं डॉ. साक्षी कनौजिया उपस्थित रहे। कर्मचारी श्री दुर्वेश पाल सिंह ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार एवं योग प्रशिक्षिका कुमारी अंजना द्वारा योग सत्र का संचालन किया गया। अंत में चिकित्साधिकारियों ने ग्रामीणों से नियमित योग एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की अपील की।




