भड़रिया नवमी पर 37 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, सामूहिक विवाह समारोह में गूंजे मंगलगीत
महात्मा ज्योतिराव फुले सेवा समिति के आयोजन में 37 जरूरतमंद कन्याओं का वैदिक रीति-रिवाजों से हुआ विवाह, नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान व आशीर्वाद भेंट किया गया

भड़रिया नवमी पर 37 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, सामूहिक विवाह समारोह में गूंजे मंगलगीत

फिरोजाबाद | PCT News
भड़रिया नवमी के पावन अवसर पर फिरोजाबाद में महात्मा ज्योतिराव फुले सेवा समिति द्वारा सर्व समाज सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 37 जरूरतमंद कन्याओं का वैदिक रीति-रिवाजों एवं मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया। विवाह मंडप में मंगलगीतों की मधुर स्वर लहरियों के बीच सभी नवयुगल परिणय सूत्र में बंधे। समारोह में समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने नवदंपतियों को सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
समिति के अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम कुशवाहा ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह का आयोजन कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक समिति के माध्यम से लगभग 5700 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। उनका कहना था कि सामूहिक विवाह गरीब परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने के साथ-साथ विवाह समारोहों में होने वाले अनावश्यक खर्चों को भी रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, पारदर्शिता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने और दहेज उत्पीड़न से जुड़े विवादों को कम करने में भी सामूहिक विवाह एक सकारात्मक पहल साबित हो रहा है।
समारोह के दौरान सभी नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की आवश्यक सामग्री भेंट की गई। उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि एवं सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में सामाजिक सहयोग और सेवा भावना की मिसाल देखने को मिली।




